यूपी पंचायत चुनाव : शिक्षकों और कर्मचारियों के संगठनों ने किया मतगणना बहिष्कार का ऐलान

Read Time: 5 minutes

उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ और कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच ने राज्य निर्वाचन आयोग पर पंचायत चुनाव में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को कोरोना महामारी से बचाने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए दो मई को होने वाली मतगणना का बहिष्कार करनेे का ऐलान कर दिया है।

● गरिमा सिंह – पूर्वा स्टार

गोरखपुर: शिक्षकों और कर्मचारियों के दो बड़े संगठनों – उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ और कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच ने दो मई को पंचायत चुनाव के लिए होनी वाली मतगणना के बहिष्कार की घोषणा कर दी है। दोनों संगठनों ने राज्य निर्वाचन आयुक्त को शुक्रवार को भेजे गए पत्र में इस निर्णय की जानकारी दी है।

पत्र में राज्य निर्वाचन आयोग पर पंचायत चुनाव के दौरान प्रशिक्षण, मतदान में शिक्षकों-कर्मचारियों को कोरोना महामारी से बचाने की व्यवस्था में विफल होने का आरोप लगाया है। दोनों संगठनों के इस निर्णय के बाद पंचायत चुनाव की मतगणना शायद ही हो पाए क्योंकि मतगणना में शिक्षकों-कर्मचारियों की सबसे अधिक ड्यूटी लगाई गई है। महासंघ के निर्णय पर शुक्रवार शाम तक प्रदेश सरकार या राज्य निर्वाचन आयोग की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ने 29 अप्रैल को राज्य निर्वाचन आयोग और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पंचायत चुनाव में ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमण से 706 शिक्षकों-कर्मचारियों की मृत्यु होने की जानकारी देते हुए दो मई को होने वाली मतगणना टाल देने की मांग की थी।

उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ में प्राथमिक शिक्षक संघ, माध्यमिक शिक्षक संघ के सबसे बड़े समूह शर्मा गुट सहित महाविद्यालयों, मदरसों सहित तमाम शिक्षक संघ शामिल है।

शुक्रवार को राज्य निर्वाचन आयोग को भेजे गए पत्र पर महासंघ के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष डाॅ. दिनेश चंद्र शर्मा, महासंघ के संयोजक एवं पूर्व एमएलसी हेम सिंह पुंडीर, विधान परिषद सदस्य एवं शिक्षक नेता ध्रुव कुमार त्रिपाठी, विधान परिषद में शिक्षक दल के नेता सुरेश कुमार त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अवधेश कुमार मिश्र, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के महामंत्री संजय सिंह, इन्द्रासना सिंह, टीचर्स एसोसिएशन मदारिस अरबिया उत्तर प्रदेश के महामंत्री दीवान साहेब जमां खां के हस्ताक्षर हैं।

कर्मचारी, शिक्षक,अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच में प्राथमिक शिक्षक संघ, कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संघ, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ, उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ शामिल है।

दोनों संगठनों ने इस पत्र की काॅपी मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को भी भेजी गई है।

इस पत्र में कहा गया है, ‘प्रदेश में कोरोना महामारी के प्रकोप से लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं, फिर भी इस जानलेवा संक्रमण के समय में उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव कराए गए हैं। जब 12 अप्रैल को देश भर में एक दिन में 1.70 लाख कोरोना संक्रमण के केस मिले थे तब उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष ने पत्र लिखकर कहा था कि निर्वाचन से पूर्व शिक्षकों के प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा कोविड से बचाव हेतु गाइडलाइन के अनुसार व्यवस्था नहीं की गई जिससे कि शिक्षक व कर्मचारियों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है तथा वर्तमान परिस्थितियां चुनाव के अनुकूल नहीं हैं। यदि चुनाव कराए जाते हैं तो कर्मचारी व शिक्षकों के जीवन को खतरा हो सकता है।’

पत्र में आगे कहा गया है,

‘दुर्भाग्यपूर्ण है कि शिक्षक व कर्मचारियों का टीकाकरण कराए बिना तथा तथा बिना किसी सुरक्षा उपायों के इस महामारी के समय मतदान कराने हेतु भेज दिया गया जिसके कारण लाखों शिक्षक व कर्मचारी संक्रमित हो गए हैं। अब तक हजारों शिक्षक व कर्मचारी असमय ही काल के गाल में समा गए हैं।’

दोनों संगठनों ने कहा है कि अब जबकि देश में प्रतिदिन 3.5 लाख से अधिक कोरोना संक्रमण के केस मिल रहे हैं तथा प्रतिदन हजारों की मृत्यु हो रही है, ऐसे में भी उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया गतिमान है। संगठनों का कहना है, ‘ मतदान कराकर लौटे एवं संक्रमण से जूझ रहे शिक्षक-कर्मचारियों की मतगणना हेतु ड्यूटी लगा दी गई है तथा भारी अव्यवस्था व कोविड-19 महामारी से बचाव के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हुए प्रशिक्षण कराए जा रहे हैं, जिससे शिक्षकों व कर्मचारियों में मौत का भय व्याप्त है। इस तरह से शिक्षकों-कर्मचारियों को जीवन जीने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।’

संगठनों ने मतगणना टालने, मृत शिक्षकों-कर्मचारियों के परिजनों को 50 लाख रुपये की सहायता देने की मांग का संज्ञान नहीं लेने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि शिक्षक-कर्मचारी संगठनों का उत्तरदायित्व राजकीय कार्यों के साथ ही अपने सदस्यों की जीवन रक्षा करना भी है। इस समय ऐसा कोई कारण नहीं है कि मतगणना स्थगित न की जा सकती हो तथा शिक्षकों व कर्मचारियों को अपने कर्तव्य हेतु प्राण देना अपरिहार्य हो गया हो।

पत्र में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि यदि मतगणना स्थगति नहीं की गई तो शिक्षक व कमचारी मतगणना ड्यूटी का बहिष्कार करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related

ओवैसी मीडिया के इतने चहेते क्यों ?

Post Views: 225 मीडिया और सरकार, दोनो के ही द्वारा इन दिनों मुसलमानों का विश्वास जीतने की कोशिश की जा रही है कि उन्हें सही समय पर बताया जा सके कि उनके सच्चे हमदर्द असदउद्दीन ओवैसी साहब हैं। ● शकील अख्तर असदउद्दीन ओवैसी इस समय मीडिया के सबसे प्रिय नेता बने हुए हैं। उम्मीद है […]

मोदी सरकार कर रही सुरक्षा बलों का राजनीतिकरण!

Post Views: 177 ● अनिल जैन विपक्ष शासित राज्य सरकारों को अस्थिर या परेशान करने के लिए राज्यपाल, चुनाव आयोग, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) आदि संस्थाओं और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग तो केंद्र सरकार द्वारा पिछले छह-सात सालों से समय-समय पर किया ही जा रहा है। लेकिन […]

प्रियंका क्रीज पर और धरी रह गई फील्डिंग!

Post Views: 359 उत्तर प्रदेश की तीन बड़ी पार्टियों के नेता मुख्यमंत्री योगी, अखिलेश और मायावती अभी तक इस खुशफहमी में डूबे हुए थे कि कांग्रेस कहीं नहीं है, और बाकी दो भी कमजोर हैं। मगर प्रियंका के क्रीज पर पहुंचते ही सारी फिल्डिंग बिखर गई। हाफ पिच पर आकर उन्होंने दो ही लंबी हिट […]

error: Content is protected !!
Designed and Developed by CodesGesture