उत्तर प्रदेश : विचारधारा की लड़ाई मजबूती से लड़ने के संकल्प के साथ कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न
● गरिमा सिंह / पूर्वा स्टार
गोरखपुर। जनपद के दक्षिणांचल में पवित्र सरयू नदी के तट बसे गोला बाजार कस्बे में स्थित वीएसएवी पीजी कालेज में आयोजित कांग्रेस के पूर्वी जोन के ब्लाक अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर रविवार को दूसरे दिन प्रभातफेरी से शुरु होकर कांग्रेस महासचिव, यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी के सम्बोधन के साथ सम्पन्न हुआ। शिविर के अन्तिम दिन शिविरार्थियों ने देश में संघ द्वारा फैलाये जा रहे साम्प्रदायिकता व नफरती विचारों के खिलाफ विचारधारा की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया।

शिविर में शामिल लोगों ने प्रात: साढ़े चार बजे उठकर सबसे पहले गांधीजी द्वारा गाया जाने वाला रामधुन गाया। इसके बाद सभी ने सेवा दल के नेतृत्व में कस्बे में प्रभातफेरी निकाली।
प्रभातफेरी में सबने कौमी एकता और आजादी की लड़ाई के वक्त गाये जाने वाले सुराजी गीत गाये। भारत माता की जय, वंदे मातरम, जाति धर्म का बंधन तोड़ो – भारत जोड़ो भारत जोड़ो, हम एक हैं और हिंदू मुस्लिम सिक्ख ईसाई – आपस में सब भाई भाई जैसे देश प्रेम और सामाजिक सद्भाव बढ़ाने वाले नारे भी लगाये गए।
प्रभातफेरी में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, प्रदेश महासचिव व पूर्वी जोन के इंचार्ज विश्वविजय सिंह और सेवा दल के प्रदेश के मुख्य संगठक प्रमोद पांडेय समेत कई पदाधिकारी भी शामिल रहे।
इसके बाद अलग अलग विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया के उपयोग, संगठन निर्माण व उसकी निरंतर सक्रियता और पंचायत चुनाव की रणनीति व तैयारी पर ब्लाक अध्यक्षों का मार्गदर्शन किया। दोपहर बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने फोन के जरिए शिविर को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ब्लाक अध्यक्ष संगठन की नींव हैं, उनकी मेहनत से संगठन मजबूत हुआ है। संगठन निर्माण का पहला चरण पूरा हो गया है लेकिन अभी लंबी लड़ाई बाकी है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ गांधी, नेहरु, पटेल और मौलाना आजाद के वारिस हैं जो भारत में सामाजिक सांस्कृतिक समरसता की विरासत को आगे बढ़ाना चाहते हैं तो दूसरी तरफ सावरकर के वारिस, जो नफरत की दीवार खड़ी कर भारत की सदियों पुरानी सौहार्द और समरसता के ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने में लगे हैं।
उन्होंने कहा, यह विचारधारा की लड़ाई है जिसे हम पूरी मजबूती से लडेंगे। इसके लिए गांव गांव में लोगों को तैयार करना है। लोगों को भारत का, कांग्रेस का और आजादी के संघर्ष का इतिहास बताना है।
श्रीमती गांधी ने कहा कि केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार किसान विरोधी है और कुछ पूंजीपतियों के साथ खड़ी है। अगले चुनाव में इस जन विरोधी सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना सबका धर्म है। आगामी विधानसभा में ब्लॉक अध्यक्षों की सबसे बड़ी भूमिका होगी इसलिए सभी को इसके लिए खुद को तैयार करना है।
अंत में प्रदेश अध्यक्ष लल्लू ने सभी शिविरार्थियों को प्रमाण पत्र दिया और शिविर के व्यवस्थापकों व वालंटियर्स को सम्मानित किया। शिविर का संचालन महासचिव विश्वविजय सिंह ने किया जबकि व्यवस्था में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विजयानंद तिवारी, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जितेन्द्र पांडेय, महासचिव शाहिल विक्रम तिवारी, सुनील तिवारी आदि प्रमुखता से थे।