राष्ट्रीय समस्या और रिश्तेदार: व्हाट्स एप ग्रुप का राजनैतिक अवलोकन

Read Time: 3 minutes

● रवीश कुमार 

भारत में इस विषय पर रिसर्च किए जाने की बहुत ज़रूरत है। कई लोग मुझे लिखते हैं कि व्हाट्स एप ग्रुप में रिश्तेदारों से बहस करना मुश्किल हो गया है। वो इतनी सांप्रदायिक बातें करते हैं कि उनसे बहस करना मुश्किल हो गया है। ये रिश्तेदार अपनी मूर्खता को लेकर इतने उग्र हो चुके हैं कि इनके सामने बहुत लोग खुद को असहाय पाते हैं। आप कुछ भी तर्क दीजिए, तथ्य दीजिए इन रिश्तेदारों पर कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता है। रिश्तेदार एक व्यापक टर्म है इसमें पिता भी शामिल हैं। उनके लिए अलग से कैटेगरी नहीं बनाई है। यह समस्या मामूली नहीं है।

पहले की राजनीति सांप्रदायिकता को घर घर नहीं पहुँचाती थी। दंगे होते थे और शहर या राज्य के सीमित लोग इसकी चपेट में आते थे। लेकिन अब इसका व्यापक रूप से सामाजीकरण हुआ है।

इसमें इन रिश्तेदारों का बहुत बड़ा योगदान है। ख़ासकर पेंशन पाने वाले रिश्तेदारों में भयानक क़िस्म की सांप्रदायिकता देखी जा रही है। पिछले साल ठीक इसी वक्त में तब्लीग जमात को लेकर रिश्तेदारों ने फ़ैमिली ग्रुप में ज़हर फैला दिया था। उसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनके असर में हर घर में एक से अधिक दंगाई तैयार हो गया था। बाद में अदालतों के कई फ़ैसलों में इस बात को लेकर डांट लगी है कि तब्लीग का कोरोना के फैलने से कोई संबंध नहीं था। इससे भारत की बदनामी हुई है।

इसी तरह इन दिनों बंगाल के फ़ैमिली ग्रुप में सांप्रदायिक बहसें होने लगी हैं। इन रिश्तेदारों के लिए सांप्रदायिकता पहली खुराक है। इसके सरिए वे हर ग़लत को सही बताने लग जाते हैं। इस कारण अलग राय रखने वाले लोगों के लिए फ़ैमिली ग्रुप में रहना असहनीय हो गया है। हालत यह हो गई है कि लड़का बेरोज़गार है लेकिन बेरोज़गारी को लेकर घर में ही बहस नहीं कर पाता है। परिवारों का लोकतांत्रिक वातावरण ख़त्म हो चुका है।

मेरा सुझाव है, इस तरह की बहसों और फार्वर्ड किए जा रहे पोस्ट की सामग्री जमा करें। ख़ुद ही विश्लेषण करें और दो तीन हफ़्तों के अंतराल पर रिश्तेदार को भेज दें कि ये आपके सोचने का पैटर्न है। किस कैटेगरी के रिश्तेदार हैं, अपने जीवन यापन के लिए क्या करते हैं, इनके घर में कौन सी किताबें हैं, क्या पढ़ते हैं, कौन सा चैनल देखते हैं और कितनी देर देखते हैं। फ़ेसबुक पर भी अपने विश्लेषण को पोस्ट करें।

रिश्तेदारों की सांप्रदायिकता को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाने की ज़रूरत है। कौन रिश्ते में क्या लगता है केवल उस रिश्ते का आदर करें मगर उनकी सांप्रदायिक बातों से संघर्ष करना बहुत ज़रूरी है।

आपको यह समझना होगा कि इन रिश्तेदारों के असर में आकर कोई बच्चा दंगाई बन सकता है। किसी की हत्या कर सकता है। ये रिश्तेदार हमारे सामाजिक ढाँचे के लिए ख़तरा बन चुके हैं। व्हाट्स एप ग्रुप के रिश्तेदारों से सतर्क होने का समय आ गया है। इनसे दूर मत भागिए। सामने जाकर कहिए कि आप कम्यूनल है। आपकी सोच एक दंगाई की सोच हो चुकी है। परिवारों में लोकतंत्र बचेगा तभी देश में लोकतंत्र बचेगा।

(रवीश कुमार, जाने-माने टीवी पत्रकार और एनडीटीवी इंडिया के मैनेजिंग एडिटर हैं। यह लेख उनके फेसबुक पेज से लिया गया है।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related

माफीनामों का ‘वीर’ : विनायक दामोदर सावरकर

Post Views: 207 इस देश के प्रबुद्धजनों का यह परम, पवित्र व अभीष्ट कर्तव्य है कि इन राष्ट्र हंताओं, देश के असली दुश्मनों और समाज की अमन और शांति में पलीता लगाने वाले इन फॉसिस्टों और आमजनविरोधी विचारधारा के पोषक इन क्रूरतम हत्यारों, दंगाइयों को जो आज रामनामी चद्दर ओढे़ हैं, पूरी तरह अनावृत्त करके […]

ओवैसी मीडिया के इतने चहेते क्यों ?

Post Views: 225 मीडिया और सरकार, दोनो के ही द्वारा इन दिनों मुसलमानों का विश्वास जीतने की कोशिश की जा रही है कि उन्हें सही समय पर बताया जा सके कि उनके सच्चे हमदर्द असदउद्दीन ओवैसी साहब हैं। ● शकील अख्तर असदउद्दीन ओवैसी इस समय मीडिया के सबसे प्रिय नेता बने हुए हैं। उम्मीद है […]

मोदी सरकार कर रही सुरक्षा बलों का राजनीतिकरण!

Post Views: 177 ● अनिल जैन विपक्ष शासित राज्य सरकारों को अस्थिर या परेशान करने के लिए राज्यपाल, चुनाव आयोग, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई), राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) आदि संस्थाओं और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग तो केंद्र सरकार द्वारा पिछले छह-सात सालों से समय-समय पर किया ही जा रहा है। लेकिन […]

error: Content is protected !!
Designed and Developed by CodesGesture