तीसरी पुण्यतिथि पर याद किए गए पूर्व सांसद नरसिंह नारायण पांडेय
महराजगंज जिले के फरेंदा से दो बार विधायक, गोरखपुर से सांसद, राज्य सभा सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य रहे स्व. पांडेय।
गोरखपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद रहे स्वर्गीय नरसिंह नारायण पांडेय की पुण्यतिथि विंद्यवासिनी नगर स्थित उनके निवास स्थल पर मनायी गयी। इस मौके पर आयोजित’ मौजूदा परिप्रेक्ष्य में नरसिंह नारायण पांडेय के जीवनोद्देश्य की प्रासंगिकता’ विषयक गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला।
गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विश्वविजय सिंह ने कहा कि स्वर्गीय पांडेय का जीवन कार्यकर्ताओं के लिए एक खुली किताब रही है। इमानदारी और कर्मठता के पर्याय पांडेयजी जनता और पार्टीजनों के लिए सदैव उपलब्ध रहते थे। उनके जीवन से हम सभी को सीख लेनी चाहिए।
काफी कम उम्र में ही प्रोफेसर शिब्बन लाल सक्सेना के साथ राजनीति आरंभ किया और बाद में पण्डित जवाहर लाल नेहरू एवं श्रीमती इन्दिरा गांधी के विश्वासपात्रों में शामिल हुए।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशुतोष तिवारी ने कहा, स्व. पांडेय के जीवन का एक ही उद्देश्य रहा वह यह कि कांग्रेस यूपी में फिर से मजबूत हो और देश-समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाये।

अखिल भारतीय विश्वविद्यालयी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष बृजभूषण मिश्र, वरिष्ठ नेता आलोक शुक्ल, किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष महेन्द्र नाथ मिश्र, किसान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कालन्जय राम त्रिपाठी, विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र के प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार शुक्ल, प्रोफेसर मनीष पांडेय ने कहा कि स्व. पांडेय ने जीवन भर कांग्रेस की मजबूती के लिए काम किया। खलीलाबाद के एक छोटे से गांव से निकलकर महराजगंज के फरेंदा से विधायक और गोरखपुर से सांसद चुने जाने और उसके बाद राज्यसभा का सदस्य चुना जाने के बीच उनके जीवन का एक एक क्षण नये राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिये प्रेरणास्पद है। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर राजनीति को सही दिशा में ले जाया जा सकता है। उनका रास्ता ही कांग्रेस की मजबूती का रास्ता है।
जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष निर्मला पासवान, शहर उपाध्यक्ष रोहन पांडेय, नरेन्द्रजीत सिंह छोटे, वरिष्ठ नेता डॉ. इन्द्रजीत सिंह लीडर, प्रणव उपाध्याय, आदिअंश गाँधी, गणेश मिश्रा, जितेन्द्र पांडेय, श्याम शरण श्रीवास्तव, राजीव गांधी पंचायतीराज प्रकोष्ठ के चेयरमैन व पार्षद संजीव सिंह सोनू, अनवर हुसैन, बादल चतुर्वेदी, अंशुमान पाठक आदि ने विचार व्यक्त किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने स्व. पांडेय के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
