गोरखपुर में किसान संदेश यात्रा निकालते कांग्रेसी गिरफ्तार, पुलिस लाइन ले जाए गए
भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण से रोका
यह शहीदों का अपमान और आवाज दबाने की कोशिश : आशुतोष
● पूर्वा स्टार ब्यूरो
गोरखपुर। शहर के बेतियाहता और देहात के चौरीचौरा में किसान संदेश यात्रा निकालने की कोशिश कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर पुलिस लाइन और चौरीचौरा थाने में रखा है। दोनों जगहों पर यात्रा रोके जाने पर पुलिस और कांग्रेस नेताओं में तीखी बहस हुई। पुलिस ने शहर में कांग्रेसियों को सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से भी रोक दिया। कांग्रेसी इसे शहीद का अपमान और लोकतंत्र की हत्या बता रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता सुबह साढ़े दस बजे अलहदादपुर स्थित पार्टी कार्यालय पर जुटे। वहां से संदेश यात्रा आरंभ करने के लिए प्रदेश सचिव त्रिभुवन नारायण मिश्र, महानगर अध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी, उपाध्यक्ष रोहन पांडेय, वरिष्ठ नेता दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव, राजेश तिवारी, डॉ. प्रमोद कुमार शुक्ल, राणा राहुल सिंह, तेज नारायण श्रीवास्तव, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अभिजित पाठक, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सोनिया शुक्ला, कुसुम पांडेय, निर्मला वर्मा, प्रेमलता चतुर्वेदी, एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव योगेश प्रताप सिंह, विख्यात भट्ट, यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुमित पांडेय, महेन्द्र मोहन तिवारी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ओसामा खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता समीप के बेतियाहता चौक स्थित सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे। जहां पहले से मौजूद पुलिस ने कांग्रेसियों को माल्यार्पण करने से रोक दिया। भगत सिंह को माला पहनाने से रोके जाने पर कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक बहस हुई। जिसके बाद पुलिस ने पचास से अधिक नेताओं-कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार कर इन लोगों को पुलिस लाइन ले जाया गया जहां सूचना पाकर बड़ी संख्या में कांग्रेसी पहुंच गए और सभा की। वहीं चौरीचौरा में जिला कांग्रेस कमेटी ने आज किसान सन्देश यात्रा आयोजित की थी। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संदेश यात्रा निकाली। यहां भी पुलिस ने कार्यकर्ताओं को यात्रा निकालने से रोका, पर कार्यकर्ता नहीं माने और यात्रा निकालने पर अड़े रहे। इसी बात को लेकर निर्मला पासवान और किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दिलीप पांडेय की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। जिसके बाद पुलिस ने निर्मला और दिलीप पांडेय के साथ ही किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनिल तिवारी, जिला कांग्रेस के प्रवक्ता अनिल सोनकर, महासचिव प्रवीण पासवान समेत दर्जनों नेताओं-कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर थाने ले गई है।
