चिन्मयानंद को बचा रही सरकार!
यूपी में बच्चियों से बलात्कार की घटनाओं में शामिल बीजेपी नेताओं को बचाने की कोशिशों और चिन्मयानन्द मामले में राज्य सरकार के ढीले कदम तथा पीडि़ता को ही जेल भेजने से नाराज कांग्रेस सरकार और भारतीय जनता पार्टी को लगातार घेर रही है। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने इसे लेकर सरकार और बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा है कि पहले उन्नाव और अब शाहजहांपुर में बीजेपी नेताओं द्वारा बच्चियों का यौन शोषण और फिर उन्हें बचाने की कोशिशों ने बीजेपी का असल चेहरा सामने ला दिया है। बीजेपी का नारा ‘बहुत हुआ बेटी पर वार, अबकी बार…’ और बेटी बचाओ… का असली अर्थ अब जनता की समझ में आ गया है।
कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को लेकर प्रियंका गांधी के नेतृत्व में गांधी जयंती के दिन 2 अक्तूबर को राज्य मुख्यालय लखनऊ में जनाक्रोश पदयात्रा निकाली जिसमें हजारों कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए। हाल के वर्षों में लखनऊ में आयोजित कांग्रेस के किसी कार्यक्रम में यह सर्वाधिक भीड़ थी, जिसे देखकर यह लगता है कि पार्टी ने इस मुद्दे पर आर पार की लड़ाई का मन बना लिया है। लखनऊ में शहीद स्मारक से जीपीओ तक लगभग चार किलोमीटर तक की जनाक्रोश पदयात्रा में प्रियंका गांधी के साथ वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय कुमार लल्लू, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, विधायक अनुराधा मिश्रा, एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व विधायक ललितेश त्रिपाठी समेत सभी बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया।
इसके पहले, कांग्रेस ने 30 सितंबर से 7 अक्तूबर तक इसी मामले को लेकर शाहजहांपुर से लखनऊ तक पदयात्रा करने की घोषणा की थी। 30 सितंबर की सुबह ही पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद अपने घर में ही पुलिस द्वारा नजरबंद कर लिए गए और पदयात्रा में हिस्सा लेने शाहजहांपुर पहुंचे राष्ट्रीय सचिव सचिन नाइक, विधायक दल के नेता अजय कुमार लल्लू आदि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पार्टी ने 2 अक्तूबर को जनाक्रोश पदयात्रा की घोषणा की।
हर पीडि़त को न्याय दिलाना हमारा काम : प्रियंका

ये असंवेदनशीलता की हद है, इससे यह स्पष्ट है कि भाजपा सरकार महिला विरोधी है। बलात्कार पीडि़त लडक़ी से बलात्कार के दो गवाह मांगने की यह कौन सी मांग है? उप्र में अपराधियों को सरकार का सरंक्षण है कि वो बलात्कार से पीडि़त लडक़ी को डरा-धमका सकें। उप्र भाजपा सरकार शाहजहांपुर की बेटी के लिए न्याय मांगने की आवाज को दबाना चाहती है। पदयात्रा रोकी जा रही है। हमारे कार्यकर्ताओं नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। उसे डर किस बात का है?
उन्नाव बलात्कार मामले में भाजपा सरकार और पुलिस की लापरवाही व आरोपी को सरंक्षण दिए जाने का हश्र सबके सामने है। अब भाजपा सरकार और उप्र पुलिस शाहजहांपुर मामले में वही दुहरा रही है। पीडि़ता भय में है। लेकिन भाजपा सरकार पता नहीं किस चीज का इंतजार कर रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के बस में नहीं रहा कि वो महिलाओं, बच्चियों, छात्राओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को रोक सके।
हर रोज बलात्कार जैसे जघन्य अपराध बढ़ते जा रहे हैं और उसके ऊपर पुलिस केस दर्ज कराने वाले से ही दुव्र्यवहार करती है। कांग्रेस इसके खिलाफ पूरी ताकत से लड़ेगी और हर पीडि़त को, यूपी की आवाम को न्याय दिलाएगी।
