‘मैं युवा हूं, मेरा भी एक सपना है’ परीक्षा सम्पन्न
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 75वीं जयंती वर्ष में कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश की नई पीढ़ी में पहुंच बनाने के लिए बीते 1 सितम्बर को ‘मैं युवा हूं, मेरा भी एक सपना है’ सामान्य ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया। राज्य के सभी जिलों में एक साथ सम्पन्न हुई परीक्षा में कक्षा आठ से बारहवीं तक के दो लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह था। एक घन्टे की परीक्षा में आजादी के आंदोलन, कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों और सामान्य ज्ञान से सम्बंधित 60 आब्जेक्टिव प्रश्न पूछे गए थे। परीक्षा का परिणाम घोषित कर सभी जिलों में 53.53 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। अपने जिले में प्रथम स्थान पाने वालों को एक लैपटाप, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वालों को क्रमश: टैबलैट और साइकिल तथा पचास छात्रों को कलाई घड़ी पुरस्कार में दी जाएगी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रतियोगिता के संयोजक सचिन नायक ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश को प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए थे। उन्होंने मताधिकार की आयु 21 से घटा कर 18 वर्ष किया, आईटी के क्षेत्र में देश को अपने पैरों पर खड़ा किया पंचायतीराज कानून के जरिये पंचायतों को मजबूत किया और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम करने के साथ ही कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां उनके नाम दर्ज है। युवा पीढ़ी को देश की उपलब्धियों के प्रति जागरुक करने के लिए ऐसे और भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
