यूपी में प्रियंका गांधी का ‘मौन’ आगाज : लखनऊ पहुंची प्रियंका मौन धरने पर, पुलिस-प्रशासन के सवालों के जवाब भी पर्ची पर लिखकर दे रहीं
● गरिमा सिंह – पूर्वा स्टार ब्यूरो
लखनऊ। यूपी के राजनीतिक शोर-शराबे के बीच शुक्रवार को लखनऊ पहुंचते ही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गांधी प्रतिमा के समक्ष मौन धरने पर बैठ गई हैं। उत्तरप्रदेश पंचायत चुनाव में हुई हिंसा और प्रदेश में भय का माहौल बताकर प्रियंका बीते दो घंटे से मौन पर हैं। यूपी पुलिस ने जब उनसे कोविड प्रोटोकाल को लेकर सवाल किए तो उन्होंने पर्ची पर लिखकर ही जवाब दिया कि पंचायत चुनाव के दौरान भी तो कोविड था। प्रियंका के इस रुख से पुलिस और प्रशासन भी सकते में है। प्रियंका का यह मौन कब तक जारी रहेगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। प्रियंका गांधी यहां अपने कार्यकर्ताओं और प्रशासन से भी कोई बात नहीं कर रही हैं। जरूरी सवालों के जवाब वह पर्ची पर लिखकर दे रही हैं।

शुक्रवार दोपहर को प्रियंका लखनऊ पहुंचीं एयरपोर्ट से लेकर कांग्रेस कार्यालय तक प्रियंका का जगह-जगह स्वागत हुआ। विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए प्रियंका के इस दौरे को अहम माना जा रहा है। लखनऊ में गोखले मार्ग स्थित कौल हाउस में प्रियंका 2 दिन रहेंगी। इस दौरान उनका जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ मुलाकात और बैठक का कार्यक्रम है।
दुल्हन की तरह सजा मुख्यालय, होर्डिंग्स से पटा लखनऊ
प्रियंका के लखनऊ आगमन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को दुल्हन की तरह सजा दिया है और शहर को बैनर, झंडे, होर्डिंग्स से पाट दिया है। कांग्रेस के तमाम फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं में प्रियंका के आगमन को लेकर ख़ासा जोश है।
आलमबाग, चारबाग, केकेसी, बर्लिंगटन स्क्वायर, बापू भवन में राज्य भर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर गांधी प्रतिमा तक करीब तीन दर्जन जगहों पर कांग्रेसियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
यूपी को वक़्त देंगी प्रियंका
प्रियंका हर महीने के ज़्यादातर दिन अब लखनऊ में रहेंगी। कांग्रेस के लिए ऐसा करना बेहद ज़रूरी भी है क्योंकि इतने बड़े राज्य के चुनाव में बहुत कम वक़्त बचा है और कांग्रेस के पास प्रियंका और राहुल गांधी से बड़ा चेहरा यहां नहीं है। लेकिन राज्य की प्रभारी होने के नाते प्रियंका के कंधों पर ज़्यादा बड़ी जिम्मेदारी है।
प्रियंका पहले दिन कांग्रेस की प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों से मिलेंगी। उसके बाद जिला व शहर अध्यक्षों से मिलने का कार्यक्रम है। शनिवार और रविवार को वह कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं और कुछ किसान संगठनों से भी मिलेंगी। इसके अलावा छात्र संगठनों, शिक्षकों और ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों के संगठनों से भी वह बातचीत करेंगी।
कल ये रहेगा कार्यक्रम :
- प्रियंका शनिवार सुबह 10:20 बजे पार्टी मुख्यालय पहुंच जाएंगी, जहां वह रात 7:30 बजे तक रहेंगी।
- कांग्रेस नेत्री शनिवार को अपनी बैठकों का दौर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और अमेठी के ब्लॉक अध्यक्षों से मुलाकात से शुरू करेंगी। शनिवार को ही वह रुकी हुई भर्तियों/प्रतियोगी छात्रों/ बेरोजगारों के मंच के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी।
- बाद में पार्टी के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व जिला एवं शहर अध्यक्षों के साथ पूर्व फ्रंटल और विभागों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी।
प्रत्याशी चयन का काम शुरू
प्रियंका गांधी ने हाल ही में पार्टी के जिला अध्यक्षों से कहा है कि वे चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर उतरने के इच्छुक नेताओं के नाम भेजें। प्रदेश पदाधिकारियों से भी इस संबंध में जानकारी देने के लिए कहा गया है। जिला पंचायत चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने वालों को कांग्रेस टिकट वितरण में वरीयता देगी।
इस दौरे के दौरान प्रियंका प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देने के साथ ही, कांग्रेस के घोषणापत्र के बारे में भी बात कर सकती हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा और कांग्रेस सेवा दल के प्रमुख प्रमोद पांडे, उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह सहित तमाम पदाधिकारी व्यवस्थाएं देख रहे हैं।

कौल हाउस में रुकेंगी, पास से होगी एंट्री
लखनऊ में अपने प्रवास के दौरान प्रियंका उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय से तीन किमी. की दूरी पर गोखले मार्ग पर स्थित अपनी रिश्तेदार और पूर्व राज्यपाल व पार्टी की वरिष्ठ नेता रहीं शीला कौल के आवास में रहेंगी। इस आवास को प्रियंका के निवास और कांग्रेस कार्यकर्ताओं संग बैठकों के लिए तैयार किया गया है। कांग्रेस नेत्री के प्रवास के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस मुख्यालय में उनकी मौजूदगी के दौरान पार्टी के स्तर से जारी किए गए पास के आधार पर ही प्रवेश की अनुमति होंगी।