मौनी अमावस्या पर कल प्रयागराज में प्रियंका गांधी लगाएंगी आस्था की डुबकी
● पूर्वा स्टार ब्यूरो
यूपी के प्रयागराज में माघ मेला लगा हुआ है। गुरुवार को माघ मास के तीसरे सबसे बड़े स्नान मौनी अमावस्या के अवसर पर लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करेंगे। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी श्रीमती प्रियंका गांधी के भी संगम तट पर पहुंचने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका गांधी कल दोपहर करीब 1 बजे हवाई जहाज से प्रयागराज पहुचेंगी और संगम तट जाएंगी जहां वह गंगा स्नान करेंगी। प्रियंका अपरान्ह 3 बजे तक प्रयाग में रहेंगी। इसके बाद वह दिल्ली लौट जाएंगी।
प्रियंका और उनके परिवार के लोग पहले भी माघ मास में प्रयागराज आकर गंगा स्नान कर चुके हैं। उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इन्दिरा गांधी, पिता व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी, माँ श्रीमती सोनिया गांधी, भाई राहुल गांधी और पिता के नाना पूर्व प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहरलाल नेहरू संगम में डुबकी लगाने आ चुके हैं।
तीर्थराज कहे जाने वाले संगम नगरी प्रयागराज में 11 फरवरी को माघ मास के प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या की पुण्य की डुबकी लगेगी।
इस बार मौनी अमावस्या पर पूण्य की डुबकी के लिए आठ घाट बनाये गए हैं। जिनकी लंबाई तकरीबन साढ़े आठ हजार फीट है। मेले में एक दिन पहले से ही भीड़ जुटने लगी है। इस पर्व पर 10 से 15 लाख लोगो के स्नान करने की उम्मीद है। तकरीबन पांच लाख कल्पवासी और साधु संत यहां परमानेंट एक महीने तक रहते हैं।