जयंती पर याद किए गए नेताजी सुभाष चन्द्र बोस
● पूर्वा स्टार ब्यूरो
गोरखपुर। स्वातंत्र्य समर के अमर सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती पर कांग्रेस व समाजवादी पार्टी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों ने उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। बड़ी संख्या में लोगों ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा की।
इस अवसर पर कांग्रेस की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान व शहर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आजादी की लड़ाई में उनके योगदान को याद किया। अलहदादपुर स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष आशुतोष तिवारी व वरिष्ठ नेता अमरजीत यादव ने कहा कि जंगे आजादी में सुभाषबाबू के योगदान को यह देश कभी भूल नहीं सकता। उन्होंने आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष रोहन पांडेय, डॉ. इन्द्रजीत सिंह लीडर, डॉ. पीएन भट्ट, नरेंद्रजीत सिंह छोटे, धर्मेंद्र सिंह, संजय चौबे, प्रवीण पासवान, शाहिल विक्रम तिवारी, कुंवर संजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कीर्ति निधि पांडेय, सपा नेता संजय पहलवान व लोहिया वाहिनी के निवर्तमान अध्यक्ष संतोष गोंड के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नेताजी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और ‘नेताजी अमर रहे’ व ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इस मौके पर कीर्तिनिधि पांडेय ने सुभाषबाबू के कथन ‘तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ को याद करते हुए कहा कि एक गुलाम, दहशतजदा कौम की धमनियों में तेजाब भरना लगभग असम्भव कार्य था जो सुभाष चन्द्र बोस ने कर दिखाया। उनका ‘दिल्ली चलो‘ का नारा आज भी ‘इन्कलाब जिन्दाबाद‘ के पूरक के रूप में गूंज रहा है। उनका यश हर भारतीय के लिए संचित निधि की तरह है जिसके ब्याज से ही पीढ़ियों का काम चलता रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सपा नेता संतोष यादव, प्रमोद यादव, अतीक अहमद, टिंकू, नवीन सिंह, राजेश यादव, गोपाल यादव, व्यंकटेश तिवारी, कमलजीत यादव, रामू तिवारी, अनिमेष पांडेय, धर्मेन्द्र पांडेय, अरविंद यादव, अमरजीत सिन्हा, श्रवण यादव, समशुदिन्न अंसारी, उमेश गोड़, सुनील चौधरी, रंजन श्रीवास्तव, पिंटू गुप्ता, रवि कुमार आदि उपस्थित थे।
इसी क्रम में राजीव गांधी स्टडी सर्किल के समन्वयक डॉ. प्रमोद कुमार शुक्ल, लवकुश विद्यालय के प्रबंधक विवेक श्रीवास्तव, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, अल्पसंख्यक कांग्रेस और सामाजिक कार्यकर्ता विजय कुमार श्रीवास्तव आदि ने भी सुभाषबाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।