किसानों के साथ खड़ी है कांग्रेस : अजय लल्लू
किसान आन्दोलन के समर्थन में कांग्रेस ने राज्य भर में जिला मुख्यालयों पर किया प्रदर्शन
● विवेक श्रीवास्तव / पूर्वा स्टार ब्यूरो
लखनऊ। किसान आन्दोलन के समर्थन में कांग्रेस ने राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर शनिवार को प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपकर कृषि कानूनों को वापस लेने तथा दिल्ली हरियाणा बार्डर पर आन्दोलकारी किसानों का उत्पीड़न रोकने की मांग की।
उ.प्र. कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आज अन्नदाता किसान भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों से त्रस्त होकर सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने को विवश है। किसानों की मांगों को मानने के बजाए भाजपा सरकारें किसानों पर बर्बर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पानी की बौछारें डालकर उनका उत्पीड़न कर रही हैं और उनकी आवाज दबाना चाहती हैं जिसे कांग्रेस का कार्यकर्ता बर्दाश्त करने वाला नहीं है।

श्री अजय कुमार लल्लू ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत दिल्ली पहुंचकर हाल ही में पारित तीन कृषि कानूनों के विरोध एवं विशेषकर न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी की मांग को लेकर आन्दोलनरत किसान इस भीषण ठण्ड में सड़कों पर आने को विवश हुए हैं किन्तु किसान विरोधी सरकार अपने दमनात्मक रवैये को अपनाते हुए उनकी मांगों को अनसुना कर रही है और हठधर्मिता अपनाकर लाठी, डण्डे के बल पर उनकी आवाज दबा रही है जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर वक्त खड़ी है।

इसी क्रम में गोरखपुर में कांग्रेस के प्रदेश सचिव त्रिभुवन नारायण मिश्र, जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, महानगर अध्यक्ष आशुतोष तिवारी, संतकबीर नगर में महिला सेवादल की जिला मुख्य संगठक मीनू सिंह, बस्ती में जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा समेत देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर, आजमगढ, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी आदि जिलों में बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया।